अमंत्रं अक्षरं नास्ति , नास्ति मूलं अनौषधं ।
अयोग्यः पुरुषः नास्ति, योजकः तत्र दुर्लभ: ॥
— शुक्राचार्य
कोई अक्षर ऐसा नही है जिससे (कोई) मन्त्र न शुरु होता हो , कोई ऐसा मूल (जड़) नही है , जिससे कोई औषधि न बनती हो और कोई भी आदमी अयोग्य नही होता , उसको काम मे लेने वाले (मैनेजर) ही दुर्लभ हैं

गुरुवार, 16 मई 2013

मेरी पीढ़ी की युवा कविता रैखिक आग्रह या सामयिकता के रैखिक दबाव में लिखी जा रही है - महेश आलोक


        मैं सचमुच चिन्तित हूं। क्या मेरी पीढ़ी की युवा कविता रैखिक आग्रह या सामयिकता के रैखिक दबाव में लिखी जा रही है कि उसे जीवन में सुख-उल्लास का निरंतर अभाव  शुष्क से शुष्कतर किए जा रहा है। ऐसा कहते हुए मैं स्वयं को कटघरे में खड़ा पाता हॅू ।क्या हम उल्लास, राग और उत्सव को कविता के लिए त्याज्य विषय मानने लगे हैं? क्या इससे कविता का जीवन बहुत छोटा नहीं हो गया है? क्या हम यांत्रिक, रूढ और एकरैखिक दृष्टि के शिकार हो रहे हैं? क्या हम सचमुच मानने या स्वीकार करने लगे हैं कि प्रकृति और मनुष्य के बीच के रागात्मक सम्बन्ध और संपर्क को दूर करके, कविता में हम ‘आधुनिक’ होने का हक अदा कर पा रहे हैं? क्या हम ऐसा करके तथाकथित यांत्रिक आधुनिकता का शिकार नहीं हो रहे हैं? जबकि इसी ‘सम्बन्ध और संपर्क’ को सर्जनात्मक स्तर पर ज्यादा ‘रेडिकल’ होने के लिए ‘कलात्मक टूल के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता था।

मेरा सचमुच मानना है कि आज की समकालीन हिन्दी कविता में - ‘ पंत का सहज भोलापन, औत्सुक्य, बाल सुलभ मासूमियत, प्रकृति के साथ की रागात्मक अद्वितीयता और शब्दों की ध्वन्यात्मक अर्थ सघनता की समझ एवं सांगीतिक लय’ का , उसके वर्तमान सर्जनात्मक रूपाकार में  सहज समावेश हो जाए, तो उसकी सामाजिक और सांस्कृतिक अर्थवता एक नयी सौन्दर्य दृष्टि से जगमगा उठेगी।

शनिवार, 4 मई 2013

कला को मा़त्र मनोरंजन का साधन बनाना घातक: डा० आनंदा शंकर जयंत


  कला के माध्यम से ईश्वर को भी पा सकते हैं
                             फिल्मों ने कला के स्तर को क्षति पहुंचाई
                                                                     
                                                                            डा० आनंदा शंकर जयंत

 डा० आनंदा शंकर जयंत
    शिकोहाबाद।भरतनाट्यम्‌ और कुचिपुडि नृत्य की विश्वविख्यात नृत्यांगना पदमश्री आनंदा शंकर जयंत का मानना है कि कला को सिर्फ मनोरंजन का माध्यम मान लेना बडी भूल है। कला के माध्यम से पूरे जीवन और समाज का कल्याण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि व्यवसायिकता की अंधी दौड में फिल्मों ने कला को ग्लैमर में बदल दिया है।
आनंदा शंकर ने कहा कि नृत्यकला मात्र शरीर को कुछ आकृतियों और लयताल के साथ मंच पर प्रस्तुत कर देना नहीं है। कोई भी संस्कृति या कला, व्यक्ति या उसके समाज की पारिभाषा होती है। संस्कृति से पूरे समाज की पहचान बनती है। उन्होने कहा कि नृत्य उनके लिए परमेश्वर के समीप जाने का माध्यम है।

शिकोहाबाद के हिन्दलैंप्स में शब्दम्‌ और स्पिक मैके के सहयोग से शास्त्रीय नृत्य की प्रस्तुति के लिए आईं आनंदा शंकर ने मीडिया से बातचीत में अपने मन की बातें रखीं। उन्होंने आज के नृत्य को भौंडा प्रदर्शन बताया और कहा कि इसका उददेश्य मात्र मनोरंजन है। हालांकि अब तो स्वस्थ्य मनोरंजन मिलना भी कठिन होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि कला की अमूल्य धरोहर को सिर्फ मनोरंजन का साधन बना देना सही नहीं है।
देश-विदेश में अनेक कार्यक्रम देकर भारत की संस्कृति को सम्मान दिलाने वाली आनंदा ने कहा कि नृत्य न तो उनकी अभिरूचि है और न ही करियर। उन्होंने कहा कि यह मेरे लिए समय पास करने का माध्यम भी नहीं है। डांस मेरे लिए मेरा ईश्वर को पाने का साधन है। उन्होने कहा कि अगर कोई भी कलाकार अपनी प्रतिभा के साथ साधना का भाव जोड लेता है और उसे सच्चे अर्थ में साकार करने कोशिश करता है तो कला अलौकिक उददेश्यों की पूर्ति भी करती है। उन्होंने कहा कि नृत्य वह है जो करने वाले और देखने वाले, दोनों ही लोगों को आत्मा तक आनंद की यात्रा को ले जाए।


शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत करतीं आनंदा शंकर जयंत





                                                          नृत्य के साथ अभिनय का बेजोड संगम  
                                                           हिन्दलैंप्स, शिकोहाबाद के संस्कृति भवन में आयोजन 

नृत्य की भावपूर्ण मुद्रा में  आनंदा शंकर जयंत



आनंदा शंकर जयंत की कला के जादू ने हिंदलैंप्स परिसर में दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।  पद्मश्री अलंकरण से अलंकृत आनन्दा शंकर की  प्रस्तुति केवल शास्त्रीय नृत्य तक ही सीमित नहीं थी, उसमें नाटकीय अभिनय का भी व्यापक समावेश था। उन्होंने आधादर्जन प्रस्तुतियों से मंत्रमुग्ध कर दिया।

हिंदलैंप्स के संस्कृति भवन में डीएम संध्या तिवारी ने समारोह का शुभारंभ किया। बजाज इलैक्टीकल्स के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक शेखर बजाज और शब्दम्‌ की अध्यक्ष श्रीमती किरण बजाज ने डाॅ आनंदा शंकर और उनके साथी कलाकारों का स्वगात किया। इस मौके पर मौजूद तमाम स्कूली

समारोह का शुभारंभ करने के बाद आनंदा शंकर का स्वागत करते हुए शब्दम् अध्यक्षा श्रीमती किरण बजाज और फीरोजाबाद की जिला मजिस्टेट श्रीमती संध्या तिवारी



बच्चों को महान कलाकार ने एक आदर्श शिक्षक की तरह नृत्यकला के गुर भी बताए। उन्होंने बताया कि भरतनाट्यम्‌  और  कुचिपुडि नृत्य की विधाएं देश की सांस्कृति की  आत्मा हैं। एक विधा पूरब से और दूसरी दक्षिण भारत से संबंध रखती है। उन्होंने कहा कि भरतमुनि द्वारा रचित नाटयशास्त्र ही नृत्यकला का मूल श्रोत है। भरतमुनि को यह विद्या ब्रह्माजी ने दी।
आनंदा ने कहा कि नृत्य मानव की स्वाभाविक अभिव्यक्ति है। हर रोज, हर शख्स नाचता है। उसकी आम दिनचर्या के कई हावभाव नाच की श्रेणी में हैं। लेकिन उनका प्रकटीकरण एक क्रम में नहीं होने से उन्हें स्पष्ट रूप से नृत्य नहीं कहा जा सकता है। कुचिपुडि और भरतनाट्यम्‌    के अंतर को भी उन्होंने मुद्राओं के उदाहरण देकर समझाया।

कृष्ण के रोने का जीवंत रूप प्रस्तुत करतीं आनन्दा  शंकर  जयंत
संबोधन के बाद जैसे ही आनंदा ने नृत्य की भाव भंगिमाआंे को प्रस्तुत किया वैसे ही दर्शक मंत्रमुग्ध होकर उनकी कला में खो गए। कृष्ण की माखनचोरी लीला पर नृत्य के अभिनय से उन्होंने शुरुवात की। मटकी तोड कर ग्वालबालों के संग माखन लूट लेना और बचा हुआ गोपी के मुंह पर पोत कर भाग जाना। इसके बाद गोपी का कृष्ण को पकडने के लिए भागना। लीला के प्रत्येक पात्र के रूप में सिर्फ एक कलाकार द्वारा दी गई प्रस्तुति को देख हाल में लगातार तालियों की गडगडाहट गूंजती रही।

विश्वविख्यात नृत्यांगना ने गिरिराज को अंगुली पर उठाने का प्रसंग प्रस्तुत किया तो मिथिला के धनुष-यज्ञ को भी साकार किया। वहीं महाभारत के प्रसंग द्रोपदी के चीरहरण के माध्यम से करूणा का वातावरण बना दिया। अंत में उन्होंने स्कूली बच्चों की जिज्ञासाओं का समाधान और प्रश्नों के उत्तर भी दिए।

समारोह की आयोजक शब्दम्‌ अध्य्क्ष   श्रीमती किरण बजाज ने सहयोगी संस्था स्पिक मैके, कलाकार मंडल और अतिथियों का स्वागत किया।शब्दम सलाहकार मंडल के सदस्य  डा० महेशं आलोक ने कला और कलाकारों का विस्तार से परिचय दिया। मुकेश मणिकांचन ने संचालन किया। सहायक श्रमायुक्त राजेश मिश्रा, प्रभागीय वनाधिकारी परमानंद यादव, डा० ए ०के० आहूजा, अरविंद तिवारी के अलावा ज्ञानदीप सीनियर सैकेंडरी स्कूल, शांतिदेवी आहूजा महाविद्यालय, ब्राइट स्कालर्स एकेडमी, देवभूमि पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने सहभागिता की।



                       
डा० आनंदा शंकर जयंत के साथ सहयोगी कलाकार, बजाज इलैक्टीकल्स के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री शेखर बजाज,शब्दम् अध्यक्षा श्रीमती किरण बजाज,  शब्दम्‌ सलाहकार मंडल के सदस्य  डा० महेशं आलोक, डा० ए ०के० आहूजा, अरविंद तिवारी आदि