अमंत्रं अक्षरं नास्ति , नास्ति मूलं अनौषधं ।
अयोग्यः पुरुषः नास्ति, योजकः तत्र दुर्लभ: ॥
— शुक्राचार्य
कोई अक्षर ऐसा नही है जिससे (कोई) मन्त्र न शुरु होता हो , कोई ऐसा मूल (जड़) नही है , जिससे कोई औषधि न बनती हो और कोई भी आदमी अयोग्य नही होता , उसको काम मे लेने वाले (मैनेजर) ही दुर्लभ हैं

मंगलवार, 29 दिसंबर 2015

बेतरतीब- (एक कवि की नोटबुक)- महेश आलोक


                                              महेश आलोक की डायरी



                                                                  (1)

उसे आग बहुत पसन्द है।जीवन हो या कविता या गद्य- हर जगह उसे आग चाहिये। वह निरन्तर भाग रहा है उस आग के पीछे जो जीवन को सँघर्ष करने की प्रेरणा देता है। मैने पत्नी से कहा- देखो, उसने अपने जीवन को कितना तपा लिया है सँघर्ष की आग में।लोगों के लिये प्रेरणा-स्रोत,एक तपकर निकला हुआ खरा सोना।पत्नी ने शान्त स्वर में उत्तर दिया- ऐसे लोग ठँढ में मर जाते हैं।
मैं अवाक और चुप। ऐसे वाक्य किस अनुभव से निकलते हैं?


                                                                 (2)

प्यार क्या है? मुझे हुआ कि नहीं, कैसे कहूँ। आज पचास की उम्र में जब पीछे देखता हूँ, उन पलों को स्मृति में लाने की कोशिश करता हूँ तो उदास नहीं होता।उस समय जब उसकी प्रतीक्षा में शेव नहीं कर पाता था और दाढ़ी घनी हो जाती थी, तब भी बुरा नहीं दिखता था। माँ कहती थीं-तेरे ऊपर दाढ़ी अच्छी लगती है और मैं अकेला होने से बच जाता था। कभी कभी उसके साथ होते हुए,उसका हाथ अपने हाथ में लेते हुए, केदारनाथ सिंह की कविता याद आती थी- ‘इस दुनिया को इसी तरह गर्म और सुन्दर होना चाहिये।’और तब मैं बहुत अकेला होता था किसी अँधेरी सुरँग में रोशनी को तलाशता हुआ,उसके साथ होते हुए भी अकेला। क्या प्यार बहुत आत्मीय क्षणों में आपको अकेला कर देता है? आखिर इस रहस्य का रहस्य क्या है? क्या एक पल में मृत्यु का क्षणिक बोध है? या मुक्ति के अनुभव में बन्धन का अनुशासन! क्या है प्यार? या सँभव और असँभव के बीच तनी हुई रस्सी पर चलते हुए मध्य में खड़े होकर ऊपर और नीचे की अनन्त ऊँचाई और अनन्त गहराई का वह अनुभव है जो भय और आसक्ति के अद्भुत सँतुलन से बना है।  


                                                                     (3)

जब मैं कविता नहीं लिख रहा होता हूँ, क्या कर रहा होता हूँ उस समय? क्या शब्दों को पिकनिक पर भेज देता हूँ ?कलम और कागज क्या सोचते हैं उस समय मेरे बारे में। क्या जब मैं कविता नहीं लिख रहा होता हूँ, उस समय सही मायने में रचता हूँ अपने लिये,जीता हूँ अपने लिये अवरोधमुक्त रचाव के साथ।क्या मैं सही मायने में उसी समय रचता हूँ? शब्दों के भीतर भर गये प्रदूषण को साफ करने में ही आधा जीवन निकल गया। क्या वे तमाम कविताएं जो शब्दों के साथ लिखी गयीं, वे मेरे रचाव का एक अँश भी अभिव्यक्त नहीं कर पायीं? क्या मैं मुक्ति के बन्धन में बँधता चला गया? क्यों कागज पर उतारने के बाद भी छटपटाता रहता हूँ मैं?क्या लिखने के बाद शब्द मर जाते हैं? या मरकर नया जन्म लेते हैं वे।

बुधवार, 23 दिसंबर 2015

एक कवि की नोटबुक - महेश आलोक



                         महेश आलोक की डायरी

                                                           (1)

आज महाविद्यालय में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन हुआ। फूहड़ हास्य और ओज के नाम से सांस्कृतिक पुनरुत्थान की गलाफाडू कविताएं सुनाई गयीं। श्रोता मंत्रमुग्ध हो सुनते रहे। अपनी समझ से वे हिंदी की सर्वश्रेष्ठ कविताएं सुन रहे थे। उन्हें हिंदी कविता की परम्परा का,उसके विकास का ज्ञान नहीं है, इसलिए इन कविताओं को ही वे हिंदी की प्रतिनिधि कविता मान रहे थे, यहाँ तक तो समझा जा सकता है, लेकिन हिंदी के महाविद्यालयी अध्यापक भी उसे ही प्रतिनिधि कविता मान रहे थे, इसे देखना और सुनना किसी कठिन यंत्रणा से गुजरने से कम पीड़ादायक नहीं था।श्यामनारायण पांडे, दिनकर और नवीन की फूहड़ नक़ल वाली तथाकथित कविताएं हिंदी की सर्वश्रेष्ठ कविताएं घोषित की जा रहीं थीं और मैं चुपचाप यह तमाशा देख रहा था। न उगलते बन रहा था न निगलते। मंचीय कविता , कविता के नाम पर जिस तरह की कविता परोस रही है उसे देखकर लगता है कि मुख्यधारा के रचनाकारों को संगठित प्रयास करके आम श्रोताओं के मध्य कविता की सही समझ का संस्कार डालना होगा अन्यथा वह दिन दूर नहीं जब अज्ञेय,मुक्तिबोध, रघुवीर सहाय, केदारनाथ सिंह, मंगलेश डबराल, विनोदकुमार शुक्ल, राजेश जोशी, आलोक धन्वा आदि महज पुस्तकालयों में धूल खा रहे होंगे या कहीं कोर्स में लगकर अपने को धन्य समझ रहे होंगे। आम जनता के बीच तो वही कवि माना जाएगा जो लाल किले पर आयोजित कवि सम्मेलन में गलाफाडू कविताएं पढ़कर आया हो और आयोजकों से मोटी रकम वसूलकर बिना कर चुकाए देश-विदेश की उसी के बल पर यात्रा करा रहा हो और वहाँ भी हिंदी कविता की भोंडी समझ विकसित कर उसकी मंचीय दुर्दशा का प्रचार प्रसार कर रहा हो। सोचकर ही आतंकित हो जाता हूँ कि विश्व मंच पर श्रोताओं के समक्ष हिंदी कविता की कैसी छवि प्रस्तुत की जा रही है।
     इसी मंच पर समर जी जैसे समर्थ रचनाकार भी कविता पढ़कर गए, जिन्हें सुनना एक विलक्षण अनुभव था। पारम्परिक कविता के बड़े कवि।उन्हें कोटिशः नमन।अगर मंच पर कविता जीवित है तो उसका प्रमुख कारण उदय दा(उदयप्रताप सिंह), समर जी, लाखनसिंह भदौरिया, सोम ठाकुर, कुँअर बेचैन, बुद्धिनाथ मिश्र, माहेश्वर तिवारी आदि रचनाकारों की वजह से।
   क्या लंबे समय से इस तरह के विदूषकी कर्म का परिणाम यह नहीं है कि हिंदी बोलने और पढ़ने वालों को लोग गंभीरता से नहीं लेते? मुझे लगता है कि तमाम कारणों में से एक कारण यह भी है। यह तो सही है कि इस चर्चा में मैं अकेला पड़ गया हूँ। महाविद्यालय के अधिकांश लोग मुझे सभ्य भाषा में गाली ही दे रहे हैं। हिंदी के अलावा दूसरी भारतीय भाषाओं में ये स्थिति नहीं है इसे मैं अपने अनुभव से जानता हूँ। कम से कम बांगला, मराठी और मलयालम के सन्दर्भ में तो कह ही सकता हूँ। उनके अध्यापको ,रचनाकारों और साहित्य प्रेमी जनता से मेरा संवाद रहा है अपने रिसर्च के दौरान।मंच पर पारंपरिक कविता ही पढ़ी जाती है लेकिन वह कविता तो हो। हाँ, अब अगर मेरी कविता समझने की समझ पर ही प्रश्नचिन्ह विद्वान साथी लगाएं तो बात अलग है। अगर हिंदी कविता मजा लेने की चीज है तब तो पूरी चर्चा ही बेकार है।
     समस्या वहां खड़ी होती है जब आपके आसपास के लोग यह समझने लगते हैं कि कविता और उसके फार्म की समझ,समकालीनता की समझ, कविता की समझ और कविता के नाम पर अनर्गल प्रलाप की समझ सिर्फ महेश आलोक और अखिलेश श्रोत्रिय को है और बाकी लोग क्या बेवकूफ है।वे भी तो हिंदी पढ़ते हैं और पढ़ाते हैं। तुकबन्दियाँ वे भी करते हैं , कविता लिखते हैं भले ही 70 साल पहले की भाषा में मंचीय कविता की तरह प्रलाप कर रहे हों। उन्हें सुझाव या सलाह देना उनके ज्ञान को धता दिखाने की तरह होता है जो उनके ‘इगो’ को ठेस पहुंचाता है क्योंकि वे हिंदी के सम्माननीय अध्यापक हैं, कविता पढ़ाते है, उन्हें हम और आप ये बताएंगे कि कविता क्या है? और तब हम अहंकारी और अपमान करने वाले निकृष्ट जन घोषित कर दिए जाते हैं।चूंकि उनकी संख्या ज्यादा है तो वे आपके आसपास का वातावरण इतना कलुषित कर देंगे , व्यंग्य करेंगे कि आपको सांस लेना मुश्किल होने लगे। हिंदी के अध्यापक की सबसे बड़ी विशेषता है कि वह सर्वज्ञ है और चूंकि हिंदी का अध्यापक है इसलिए वह कवि तो जन्मजात है। उसे ये बेवकूफ, जड़ समझाएंगे कि कविता क्या है?
   हिंदी मात्र सस्ते मनोरंजन की भाषा नहीं है और न ही हिंदी कविता।सस्ते मनोरंजन के और भी साधन उपलब्ध हैं।


                                                                     (2)
   कुछ शेर याद आ रहे हैं



सिर्फ हमको पता नहीं होता,
कोई इतना बुरा नहीं होता.

प्यार करता है टूट कर मुझसे,
वरना इतना खफा नहीं होता,

सरहदें लाख खींच दे दुनिया,
कोई दिल से जुदा नहीं होता.

मंज़िलें और पास लगती हैं,
जब कोई रास्ता नहीं होता.

मेरा अपना ही कोई है वरना,
दूर जा कर खड़ा नहीं होता.

यूं ही दिल टूट टूट जाते हैं,
और शिकवा गिला नहीं होता.

ज़िद है मेरी भी देखता हूँ मैं,
दर्द कब तक दवा नहीं होता.

इतनी उम्मीद पालना भी मत,
कोई इंसां ख़ुदा नहीं होता.


           --------------

गुरुवार, 17 दिसंबर 2015

बेतरतीब- महेश आलोक


   एक कवि की नोटबुक(कुछ कवितानुमा टिप्पणियां)                                       



                                                           (1)


एक बहुत पुराना,लिखने के शुरुआती वर्षों में लिखे गये गीत की कुछ पँक्तियाँ याद आ रहीं हैं-

‘अनबींधे आसक्तिहीन अनुभाव नयन में डोल रहे हैं
ऊँची नीची टूटी-फूटी स्मृतियों को खोल रहे हैं
जाने किस घटनाक्रम ने इनको टुकड़ों में बाँट दिया है
जीवन के अनभोगे पृष्ठों को बिन समझे छाँट दिया है

कौन नये अध्यायों वाले पृष्ठों को फिर जोड़ सकेगा
कौन सुधा मिश्रित जल लेकर बँजर मन को गोंड़ सकेगा।’


                                                                   (2)

कल एक स्त्री नदी में गिरी और मर गयी।क्यों मर गयी स्त्री? क्या नदी में गिरने से या इसलिये कि उसे तैरना नहीं आता था।मैने अपनी बेटी से पूछा- इससे क्या बात निकल कर सामने आती है। उसने उत्तर दिया- ‘परिस्थितियाँ कभी समस्या नहीं बनतीं, समस्या तभी बनती हैं जब हमें उनसे निपटना नहीं आता।’मुझे पहली बार लगा कि मेरी बेटी बड़ी और समझदार हो गयी है।उसके उत्तर से निश्चिन्त होने की तरफ एक कदम तो मैने बढ़ा ही दिया था।

                                                               (3)


उस समय जब दँगा हुआ, मैं दँगाइयों को मारना चाहता था। उनकी सँख्या बहुत थी और मेरे पास सिर्फ दो हाथ। कैसे निपट पाता उनसे। तभी खयाल आया कि मारकर नहीं, दो हाथ जोड़कर तो करोड़ों लोगों का दिल जीता जा सकता है।विनय सबसे बड़ा मूल्य है, अगर समाज के भीतर सद्भाव कायम करना है तो।


बुधवार, 9 दिसंबर 2015

बेतरतीब- महेश आलोक

एक कवि की नोटबुक- महेश आलोक


                                                                  (1)


मैं जिस क्षेत्र (शिकोहाबाद)में रह रहा हूँ वह ब्रज क्षेत्र में आता है। ब्रज वैसे भी मँचीय कविता के लिए प्रसिद्ध है। यहाँ लोगों की स्मृति में हिन्दी के प्रसिद्ध कवि वे हैं जो मँचों पर जमते हैं।गाने-बजाने,चीखने,राष्ट्रवाद और देश भक्ति के नाम पर घनाक्षरी,सवैयों और कवित्त में पड़ोसी मुल्क को गाली देने,चुटकुले सुनाकर भड़ैंती करके,फूहड़ हास्य परोसकर जनता का मनोरंजन करना ही उनका तथाकथित कवि-धर्म है। अब अगर वे मेरी कविता नहीं समझते या उसे कविता ही नहीं मानते, तो बेचारी जनता का क्या दोष! मैं तो उनको समझता हूँ,इसीलिये रचता हूँ।

                                                                 (2)

हजारों पंक्तियों के बीच अचानक कोई पँक्ति पढ़कर उसने कहा कि अरे,यह तो कविता है।आश्चर्य और विस्मय से उछलकर अचानक आ गयी वह पंक्ति कविता कैसे बन गयी?क्या लक्षणा या व्यँजना जैसा दिखा उसमें कुछ-कुछ या पढ़ते-पढ़ते ऊबकर, रुककर उसने विश्राम करने के लिये लम्बे झूठ में सच और सँदेह का विस्तर बना लिया।क्या सचमुच कविता सच और सँदेह के बीच डोलती है?

                                                                 (3)

निराला ने अज्ञेय से कहा- ‘मैं कविता में सँगीत की ध्वनियों में प्रयोग कर रहा हूँ और तुम अर्थ की ध्वनियों में’- अब मैं क्या कर रहा हूँ कविता में।क्या दोनो को मिलाकर किसी रासायनिक क्रिया को अँजाम दे रहा हूँ कि तीसरी सार्थक ध्वनि का सँवाहक बन सकूँ।शायद कविता की तीसरी परँपरा।


शनिवार, 5 दिसंबर 2015

महेश आलोक की बेतरतीब डायरी

कुछ कवितानुमा टिप्पणियाँ(महेश आलोक की बेतरतीब डायरी)

                                                             (1)

मैं नियति पर विश्वास नहीं करता। लेकिन अगर इस शब्द का इस्तेमाल करना ही पड़े तो क्या इस तरह कहा जा सकता है क्या कि मेरे द्वारा देखे गये सपने की परिणिति है नियति। मेरे घर के बगल में रहने वाले रसूल चाचा जो टेलर मास्टर हैं और दो जून की रोटी बमुश्किल कमा पाते हैं, अक्सर हँस कर कहते हैं बेटा- हम जैसे लोग तो पूरी जिन्दगी सपने देखने में काट देते हैं।सपने देखना ही हमारी नियति है।ऊपरवाला भी यहीं तक की इजाजत देता है हमें। मेरी सारी ‘रेशनेलिटी’ धरी रह जाती है यहाँ पर।

                                                            (2)

वह जो सूरज है हर शाम अपने कीचड़ सने पाँव मेरी कविता में धोता है और प्रवेश कर जाता है किसी अत्यन्त सुरक्षित कमरे में सोने के लिए।एक ही काम रोज रोज।ऊबता नहीं है वह। सोचता हूँ, मेरी कविता में आने के पहले इतना कीचड़ लगता कैसे है उसके पैर में।पूछता हूँ तो हँस कर टाल देता है मेरी बात। हालाँकि कभी कभी देखने लगता है नदी और सँसद की तरफ।

                                                            (3)

मैने महसूस किया कि लम्बे समय से मैं किसी ज्यामितिक आकार में ढलता जा रहा हूँ।त्रिभुज,षटभुज,वृत्त- क्या-क्या बनता जा रहा हूँ बिना किसी प्रतिरोध के। पत्नी ताने देती है कि तुम गणित के प्रश्नों की तरह जटिल से जटिलतर होते जा रहे हो। तुम्हे समझना तुम्हारी कविता से ज्यादा कठिन है। ऐसी कविता कब लिखूँगा जब पूरा परिवार एक सीधी सरल रेखा समझने लगे मुझे और मेरा बेटा सरपट साइकिल दौड़ाता हुआ बिना किसी गतिरोधक के कल्लू मिस्त्री को पिछली सीट पर बैठाकर कर आए मेरी कविताओं में सैर।

                                                           (4)
कभी आपने ऐसा दृश्य देखा है जिसमें आकाश में एक चिड़िया उड़ रही है और परेशान है कि कोई चील या बाज झपट्टा मारकर दबोच न ले।आखिर चिड़िया का स्वतन्त्र होकर घूमना,उड़ना क्यों खल रहा है उसे? क्या ऐसा ही कुछ उस स्त्री के साथ नहीं हो रहा है जो उड़ तो रही है लेकिन डरी हुई है उस पुरुष रुपी बाज से जो कह रहा है कि उसके अधिकार क्षेत्र में स्वतन्त्र होकर घूमना मृत्यु को दावत देना है।मैं उस समय बहुत खुश हुआ जब किसी बेटी ने गली के एक गुन्डे को चप्पलों से पीटा और कुछ और लड़्कियाँ जो उस गुन्डे से परेशान थीं, साहस करके सामने आयीं, और उसे ऐसा सबक सिखाया कि पुलिस भी देखती रह गयी।साहस! आत्मबल! प्राथमिक स्तर पर तो यही अस्त्र है उस बाज से लड़ने के लिये। अपनी स्वतन्त्रता को सुरक्षित रखने के लिये।